सोशल मीडिया पर फिदायीन हमले की बातें और पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क! मेरठ से युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी गतिविधियों से कथित संबंधों के शक में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान उजैद के रूप में हुई है। वह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उजैद पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। अब एजेंसियां उसके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल और अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
मोहम्मद साजिद से पूछताछ में सामने आया था नाम
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद को 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के दौरान मेरठ के उजैद का नाम सामने आया। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
बताया जा रहा है कि उजैद और साजिद के बीच पिछले करीब छह महीने से ऑनलाइन बातचीत हो रही थी। इस संपर्क से जुड़े इनपुट मिलने के बाद एजेंसियों ने मेरठ में कार्रवाई करते हुए उजैद को गिरफ्तार कर लिया।
पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर से संपर्क का भी शक
जांच में उजैद के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी कई संदिग्ध जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर फिदायीन हमले को लेकर बातचीत करता था। इसके अलावा जांच एजेंसियों को उसके पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने का भी शक है।
पुलिस को उसकी कुछ WhatsApp चैट्स भी मिली हैं। इन चैट्स की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी बातचीत किन लोगों से होती थी और कथित तौर पर उसकी क्या भूमिका थी।
IB और ATS ने कई घंटे तक की पूछताछ
उजैद की गिरफ्तारी के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और अन्य खुफिया एजेंसियों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्कों का दायरा कितना बड़ा था और क्या वह किसी आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
फिलहाल उसके मोबाइल फोन, WhatsApp चैट्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। एजेंसियां पूछताछ में सामने आए तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और उजैद पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
