चंदौली में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली
चंदौली। 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे दोनों आरोपी रंजीत और लेखराज शुक्रवार की दोपहर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए है। दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ में आने के बाद अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने लगे, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
पुलिस ने सरेंडर करने को कहा, लेकिन दोनों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों के पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ में मुख्य आरक्षी रोशन यादव भी घायल हुए हैं, जिनके हाथ में गोली लगी है। घायलों को जिला हॅास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
27 अक्टूबर को दुष्कर्म के बाद हत्या
बता दें कि, 27 अक्टूबर को चंदौली के नियामताबाद थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। बच्ची का शव घर से करीब 500 मीटर दूर भूसे के ढेर से बरामद किया गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे और कई जगह चोट के निशान पाए गए थे।
बच्ची के लापता होने के बाद परिवार ने रातभर खोजबीन की थी। घर से कुछ दूरी पर बने भूसे के कमरे के बाहर बच्ची के कपड़े मिले। तलाश में अंदर भूसे में शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस तरह हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने सरने गांव के बाहर छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश करने के लिए गाड़ी से ला रही थी। दोपहर करीब 3 बजे, जैसे ही पुलिस जीप रेवसा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची तो आरोपी पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश करेन लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी और वे गिर गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि इलाज के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
