Movie prime

जौनपुर में हाईवे किनारे झाड़ियों से मिला 25 वर्षीय युवती का शव, बेरहमी से हाथ-पैर काट कर फेंका गया

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर तिराहे के पास नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों से करीब 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को काले रंग की पॉलीथिन में लपेटकर फेंका गया था। प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या बेहद नृशंस तरीके से किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी सूचना

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में काले रंग की पॉलीथिन पड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पॉलीथिन खोली तो उसके अंदर महिला का शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, महिला के दोनों हाथ और पैर कटे हुए थे। घटनास्थल से काले रंग का लोअर और प्रिंटेड समीज भी बरामद की गई है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।

फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली।

पहचान और हत्यारों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।