Movie prime

लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत: प्रेमिका की हत्या कर खुद पुलिस को फोन, फिर गायब हुआ आरोपी

वाराणसी में प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और फरार हो गया। पुलिस अब सर्विलांस और कॉल डिटेल के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी है।

 
लक्सा थाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: लक्सा थाना क्षेत्र में औरंगाबाद की यादव गली स्थित एक किराए के मकान में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने घटना के बाद खुद ही मृतका के मोबाइल से पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर जानकारी दी और फिर मौके से फरार हो गया।


मृतका की पहचान भेलूपुर निवासी 35 वर्षीय पूनम शर्मा के रूप में हुई है। करीब 18 साल पहले उसकी शादी जैतपुरा निवासी किशन विश्वकर्मा से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। एक महीने पहले ही उसके पति का निधन हुआ था। जानकारी के अनुसार, 2021 से पूनम और आरोपी मनोज शर्मा के बीच संबंध थे। धीरे-धीरे यह रिश्ता गहराता गया और पूनम अपने पति को छोड़कर मनोज के साथ रहने लगी थीं।

किराए के मकान में साथ रह रहे थे दोनों

आरोपी मनोज शर्मा, जो भेलूपुर के तिलभांडेश्वर इलाके का निवासी है, अपने तीन भाइयों के साथ परिवार से जुड़ा हुआ है। बीते जनवरी से वह पूनम और अपने भाई सुनील के साथ औरंगाबाद की यादव गली में एक किराए के मकान में रह रहा था।

यह मकान लगभग 50 साल पुराना बताया जा रहा है, जिसमें कई कमरे किराए पर दिए गए हैं। नीचे के हिस्से में बैग बनाने का काम होता है, जबकि आसपास अन्य परिवार भी रहते हैं।

हत्या से पहले हुआ था झगड़ा, शराब की लत बनी वजह?

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दोनों के बीच देर रात विवाद हुआ था। पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी मनोज को शराब की लत थी और दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे।

इसी विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पूनम की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने मृतका के मोबाइल से पुलिस को कॉल कर घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मोबाइल लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के भाई सुनील से पूछताछ की है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड व सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।