Movie prime

जमीन खरीदने की खुशी मातम में बदली, दोस्त को लड्डू खिलाने गए टेलर की बेरहमी से हत्या

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
उत्तर प्रदेश के Kannauj में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे युवक ने मामूली विवाद में टेलर की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी टेलर को पीटते और गले में गमछा कसकर घसीटते हुए दिखाई दे रहा है।

घटना शहर के शेखाना मोहल्ले की है। मृतक की पहचान निजामुद्दीन के रूप में हुई है, जो पेशे से टेलर थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने मंगलवार को नई जमीन खरीदी थी और उसी खुशी में बुधवार सुबह अपने दोस्त को लड्डू खिलाने गए थे।

लड्डू मांगने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, निजामुद्दीन सुबह करीब साढ़े छह बजे साइकिल से अपने दोस्त मुंतजिर के घर पहुंचे थे। उस समय आरोपी वसीक मुल्ला गली में टहल रहा था।

जब निजामुद्दीन अपने झोले से लड्डू निकाल रहे थे, तभी आरोपी ने उनसे पूछा कि डिब्बे में क्या है। जवाब मिलने पर उसने लड्डू मांगे, लेकिन निजामुद्दीन ने मना कर दिया। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने टेलर को पकड़कर चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया।

गमछे से गला कसकर घसीटा

मोहल्ले वालों के मुताबिक, आरोपी ने पहले निजामुद्दीन को सड़क पर पटक दिया। शोर सुनकर लोग बचाने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर हटा दिया। इसके बाद उसने गमछे से टेलर का गला कस दिया और उन्हें गली में घसीटते हुए बाहर ले गया। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज में आरोपी की पूरी करतूत कैद हुई है। वीडियो में वह गले में फंदा कसकर टेलर को बेरहमी से घसीटता नजर आ रहा है।

दो हफ्ते पहले ही जेल से छूटा था आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी वसीक मुल्ला पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह अपने सगे भाई की हत्या के आरोप में बंद था और करीब दो हफ्ते पहले ही जेल से बाहर आया था।

जमीन खरीदने के बाद बांट रहे थे खुशियां

मृतक निजामुद्दीन ताजपुर नौकास्त मोहल्ले में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। वह कांशीराम कॉलोनी में सिलाई का काम करते थे।

परिजनों के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को करीब 4 लाख रुपये में डेढ़ डिसमिल जमीन खरीदी थी और उसी पर नया मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने इलाके के लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।