Movie prime

मिर्जापुर में धर्मांतरण मामले का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
मिर्जापुर। धर्मांतरण से जुड़े मामले में मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुख्य वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली देहात में धर्मांतरण से संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने पहले ही मामले में संलिप्त दो जिम मालिकों और दो जिम ट्रेनरों को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस को सूचना मिली कि इस प्रकरण का मुख्य आरोपी फरीद अहमद खड़ंजाफाल क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर कोतवाली देहात और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घायल अभियुक्त की पहचान फरीद अहमद पुत्र अशरफ अली, निवासी पक्की सराय घंटाघर, थाना कोतवाली शहर, जनपद मीरजापुर (उम्र करीब 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 33/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 308(5), 352, 351(2) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुठभेड़ और गिरफ्तारी में निरीक्षक अमित मिश्रा (प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली देहात) और निरीक्षक राजीव सिंह (प्रभारी निरीक्षक, एसओजी/सर्विलांस) अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।