Movie prime

घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, चोरी के गहने, सिक्के और तावीज लिस्ट देख पुलिस भी रह गई दंग

वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लहरतारा इलाके से पकड़े गए आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवर, नकदी, सिक्के और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ। आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: घरों में ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को सिगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, जेवर, पुराने सिक्के, ताबीज, नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और एसीपी चेतगंज के पर्यवेक्षण में सिगरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया।

लहरतारा इलाके से हुई गिरफ्तारी

सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 मई 2026 को लहरतारा पुल के नीचे गोल गुम्बद के पास से आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंगा पुत्र रज्जन निवासी कीडगंज, प्रयागराज के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में कानपुर नगर के नवाबगंज इलाके में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिगरा थाना क्षेत्र में दर्ज घर में घुसकर चोरी करने के मामले में कार्रवाई की जा रही थी। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

अप्रैल में हुई चोरी के बाद शुरू हुई थी जांच

पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामले में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।

चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी के पास से सोने और चांदी के आभूषणों सहित बड़ी संख्या में घरेलू और धार्मिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं। बरामद सामान में हार, मंगलसूत्र, झुमके, टॉप्स, कंगन, ब्रेसलेट, पायल, बिछिया, पुराने सिक्के, चांदी की लक्ष्मी प्रतिमा, ताबीज, चाभियां, घड़ी और अन्य सामान शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस को विभिन्न पर्स और डिब्बों में रखे पुराने सिक्के, धार्मिक सामग्री और आभूषण भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कानपुर नगर समेत कई जिलों में चोरी, मादक पदार्थ तस्करी, मारपीट और अन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ महामारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पहले से केस दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या नहीं।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक मोहम्मद जावेद अशरफ, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह और आरक्षी अरविंद कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है। सिगरा पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके जरिए अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।