वाराणसी में 2.5 करोड़ की चोरी: GST अधिकारी के ससुर के घर से सोना-हीरा और नकदी साफ, 3 घंटे तक AC चलाकर खंगालते रहे चोर
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर इलाके में हुई एक बड़ी चोरी ने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। GST विभाग में मेरठ में तैनात अधिकारी शैलेंद्र सिंह के ससुर कुमार विनोद के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब ढाई करोड़ रुपये के सोने, हीरे और चांदी के गहनों के साथ 1.92 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि चोरों ने मकान में घुसने के बाद करीब तीन घंटे तक एयर कंडीशनर (AC) चलाकर पूरे दो मंजिला घर का कोना-कोना खंगाला और जाते-जाते घर में लगे CCTV कैमरों की DVR भी साथ ले गए।
पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, कुमार विनोद मूल रूप से बिहार के सासाराम जनपद के विक्रमगंज थाना क्षेत्र स्थित गोटपा गांव के निवासी हैं। वह अपनी पत्नी वीना देवी के साथ गणेशपुर स्थित मकान में रहते हैं। एक जून को वह अपने परिवार के साथ बिहार में आयोजित चाचा की तेरहवीं में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए। मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली। मकान का निर्माण वर्ष 2022 में हुआ था।
CCTV बंद हुआ तो लगा तकनीकी खराबी
कुमार विनोद ने बताया कि दो जून की रात करीब 10 बजे उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए घर में लगे CCTV कैमरों की निगरानी की थी। उस समय सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था। इसके बाद तीन जून की सुबह कैमरे बंद मिले। उन्होंने इसे तकनीकी खराबी समझकर गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन चार जून की शाम पड़ोसियों ने फोन कर घर का मुख्य दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार बिहार से वाराणसी के लिए रवाना हुआ। रात करीब 10 बजे जब वे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।
अड़गड़ानंद महाराज के फोटो फ्रेम से भी सोने के लॉकेट ले गए
चोरी की इस वारदात में चोरों ने सिर्फ गहने और नकदी ही नहीं चुराई, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुओं को भी नहीं छोड़ा। कुमार विनोद अड़गड़ानंद महाराज के शिष्य हैं। उन्होंने करीब 12 वर्ष पहले अड़गड़ानंद महाराज के दो फोटो फ्रेम बनवाए थे। चोर उन फ्रेमों पर लगे सोने के दो लॉकेट भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घर में रखे थे बहू, पत्नी और बेटी के गहने
पीड़ित कुमार विनोद ने बताया कि चोरी हुए गहनों में उनकी पत्नी, बहू और शादीशुदा बेटी के आभूषण शामिल हैं। उनके बेटे वैभव कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बहन विनीता सिंह के पति शैलेंद्र सिंह मेरठ में GST विभाग में अधिकारी हैं। लगातार तबादलों के कारण परिवार के अधिकांश गहने गणेशपुर स्थित इसी मकान में सुरक्षित रखे गए थे।
1.92 लाख नकद भी ले गए चोर
परिवार के अनुसार घर में कुल 1.92 लाख रुपये नकद रखे थे, जिसमें कुमार विनोद के एक लाख रुपये और उनकी पत्नी के 92 हजार रुपये शामिल थे। चोर नकदी के साथ-साथ कीमती गहने और अन्य मूल्यवान सामान भी लेकर फरार हो गए।
चोरी हुए सामान की लिस्ट
पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को दी गई सूची के अनुसार चोरी हुए सामान में हीरे का 1 मंगलसूत्र, सोने के 8 बड़े हार, सोने के 4 कड़े, सोने की 48 चूड़ियां, सोने की 6 नथिया-टीका, सोने की 8 अंगूठियां, कान की 26 बालियां, सोने के 3 मंगलसूत्र, सोने की 2 बड़ी और मोटी चेन, सोने की 7 सिकड़ी, सोने की 10 अंगूठियां, घुंघरुदार सोने की 4 बड़ी मालाएं, चांदी के 10 पान कसैली, चांदी के 3 करोरे, चांदी की 1 मछली, चांदी के 75 सिक्के, चांदी की 16 पायल, चांदी का पूरा बर्तन सेट, मूंगा जड़ी सोने की अंगूठी, पुखराज जड़ी सफेद अंगूठी, अड़गड़ानंद महाराज के फोटो फ्रेम पर लगे 2 सोने के लॉकेट शामिल हैं।
CCTV फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध
पुलिस जांच में घर के आसपास लगे कैमरों से अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस अब उनकी पहचान और गतिविधियों की जांच कर रही है।
घर के कर्मचारी पर जताया गया शक
पीड़ित परिवार ने घर में सफाई, दूध आपूर्ति और बागवानी का काम देखने वाले राजेश कुमार पर संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि राजेश को यह पूरी जानकारी थी कि परिवार कई दिनों के लिए बाहर गया हुआ है। घटना के बाद से वह लापता है और उससे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। तहरीर के आधार पर शिवपुर थाना पुलिस ने राजेश कुमार समेत 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटीं तीन टीमें
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
