Movie prime

महिला बनकर रोकते थे गाड़ियां, फिर करते थे लूट… चंदौली पुलिस ने मुठभेड़ में चार लुटेरों को दबोचा

चंदौली में सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने हाइवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। भगवान तालाब के पास मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला का भेष बनाकर राहगीरों को निशाना बनाते थे।

 
Chandauli Crime News
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Chandauli Crime News: चंदौली में सोमवार सुबह सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में हाइवे पर सक्रिय लुटेरा गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ। भगवान तालाब के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। मौके से कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश

पुलिस को सूचना मिली थी कि हाइवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाने वाला गिरोह भगवान तालाब इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

1

पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बिहार के मोहनिया थाना क्षेत्र निवासी उपेंद्र यादव के रूप में हुई। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।

तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव निवासी मंजय कुमार, लोहिया नगर निवासी बहादुर ठठेरा और आजाद नगर निवासी मुस्तफा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।

महिला का भेष बनाकर करते थे लूट

पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह हाइवे और सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाता था। बदमाश कभी महिला का भेष धारण कर वाहन चालकों को रोकते थे, तो कभी रास्ता पूछने या मदद मांगने का बहाना बनाते थे। जैसे ही वाहन रुकता, आरोपी चालक के साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल और कीमती सामान लूट लेते थे।

42 हजार रुपये की लूट कबूली

गिरफ्तार आरोपियों ने 17 मई को भगवानपुर नहर के पास हुई एक लूट की वारदात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने ज्ञानेन्द्र तिवारी नामक व्यक्ति की गाड़ी रुकवाकर उनसे मारपीट की थी और 42 हजार रुपये नकद लूट लिए थे।

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

इस पूरी कार्रवाई में सदर कोतवाल बिन्देश्वरी पाण्डेय, स्वाट प्रभारी राम जनम यादव और संयुक्त पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।