Movie prime

Telegram से लेते थे गांजे के ऑर्डर, ई-कॉमर्स पैकेट में करते थे सप्लाई, नोएडा में ऑनलाइन गांजा तस्करी का भंडाफोड़

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नोएडा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी पिछले करीब दो साल से टेलीग्राम के जरिए गांजे के ऑर्डर लेते थे और ई-कॉमर्स कंपनियों के पैकेट में छिपाकर ग्राहकों तक इसकी सप्लाई पहुंचाते थे।

कार में लेकर जा रहे थे गांजे की खेप

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को विशेष अभियान के दौरान बिसरख पुलिस ने निर्माणाधीन गोल्डन ग्रांड बिल्डिंग के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी हुंडई एसेंट कार में गांजे की खेप लेकर जा रहे थे। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया है।

ओडिशा से सस्ते दाम पर खरीदते थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी की मदद से ओडिशा और दूसरे इलाकों से कम कीमत पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद इसे कार के जरिए नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। आरोपी मांग के हिसाब से अलग-अलग स्थानों पर ग्राहकों तक गांजा पहुंचाते थे।

टेलीग्राम पर ऑर्डर, ई-कॉमर्स पैकेट में होती थी डिलीवरी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम ऐप के जरिए गांजे के ऑर्डर लेते थे। इसके बाद गांजे को ई-कॉमर्स कंपनियों के पैकेट और पन्नियों में छिपाकर रखा जाता था, ताकि किसी को शक न हो। ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से ग्राहकों तक इसकी डिलीवरी की जाती थी।

आरोपी गांजे की अच्छी गुणवत्ता बताकर इसे महंगे दामों पर बेचते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस के अनुसार, इनके ग्राहक स्थानीय युवा और नशे का सेवन करने वाले लोग थे।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य की तलाश

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान (30), निवासी गाजियाबाद, वसीम (26), निवासी बागपत और लक्ष्य राठौर (19), निवासी चोटपुर कॉलोनी, नोएडा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, वसीम के खिलाफ हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाने में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है।

इस गिरोह में शामिल एक अन्य साथी की भी जानकारी मिली है, जिसकी तलाश की जा रही है।

दो साल से चल रहा था तस्करी का नेटवर्क

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरोह करीब दो साल से टेलीग्राम और ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे की सप्लाई किन-कि6न इलाकों में की जा रही थी।