Movie prime

रोडवेज बस में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
 

 
 रोडवेज बस में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चित्रकूट। जिले के रामनगर क्षेत्र में एक रोडवेज बस के भीतर तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, एक महिला अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ प्रयागराज से करीब दोपहर बारह बजे रोडवेज बस से अपने गांव के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में रामनगर के पास मानिकपुर के गोविंद नगर निवासी राज किशोर उसकी बगल की सीट पर बैठा था। बच्ची को खिलाने के बहाने राज किशोर ने उसे अपनी गोद में बिठा लिया और मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। इस दौरान बच्ची के निजी अंग से खून बहने लगा और वह पीड़ा से कराहने लगी।

मां ने बस परिचालक को दी सूचना

बेटी की हालत देखकर मां ने तुरंत बस के परिचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद महिला ने रैपुरा थाने के सामने बस रुकवाई और पुलिस को पूरी घटना बताई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

निगरानी से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य निगरानी माध्यमों की मदद से आरोपी राज किशोर को अगरहुडा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में हुई पुष्टि

बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट में भी उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजा जा रहा है, जिससे पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जा सके।