Movie prime

‘आज आखिरी तारीख है’ कहकर वृद्धा को फंसाया… PM आवास के 8 लाख के चेक का झांसा देकर जेवर-नकदी लेकर हुए फरार

 
Fraud
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 68 वर्षीय महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने प्रधानमंत्री आवास के तहत आठ लाख रुपये का चेक दिलाने का झांसा देकर सुशीला पांडेय को अपने जाल में फंसा लिया। बदमाश महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर, मोबाइल, जरूरी कागजात और आठ हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

आरोपितों ने खुद को सुशीला पांडेय के बेटे सभाजीत का परिचित बताया था। उन्होंने महिला से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने की अंतिम तारीख है और अगर वह उनके साथ नहीं गईं तो योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। जालसाजों की बातों में आकर महिला उनके साथ चली गईं।

बताया जा रहा है कि आरोपितों ने पहले किसी व्यक्ति से फोन पर बात करने का नाटक किया और सुशीला से कहा कि उनकी सभाजीत से बात हो रही है। महिला ने जब अपने बेटे से बात कराने को कहा तो आरोपितों ने उनकी बात को टाल दिया। इसके बाद उन्हें भरोसे में लेकर बाइक पर बैठाया और घर ले गए।

घर पहुंचने के बाद आरोपितों ने महिला से जेवरात, मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज ले लिए। इसके बाद वे सामान लेकर फरार हो गए। ठगी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

प्रधान के जरिए कई बार संदेश, फिर भी कार्रवाई नहीं

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत करने की कोशिश की। कई बार प्रधान के जरिए पुलिस तक संदेश भी भेजा गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुशीला पांडेय ने तहरीर भी दी, लेकिन आरोप है कि चांदपुर पुलिस चौकी, थाना चौबेपुर में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

पीड़िता का कहना है कि पुलिस उनसे ही घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज मांग रही है। वृद्धा ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम व सामान बरामद कराने की मांग की है।