अमित बनकर प्रेम जाल में फंसाया... शादी के बाद देह व्यापार में धकेलने की कोशिश, पुलिस कस्टडी से फरार हुआ आरोपी
वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा इलाके से एक युवती के साथ धोखाधड़ी और शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे धर्म के युवक ने अपना नाम बदलकर पहले युवती को प्रेम जाल में फंसाया और बाद में उससे शादी कर ली। पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद उसका जीवन पूरी तरह बदल गया और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
देह व्यापार में धकेलने की साजिश का आरोप
युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके परिजनों ने उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की। उसके मुताबिक, उसे मुंबई ले जाकर बेचने की योजना बनाई जा रही थी और इस दौरान उस पर लगातार दबाव बनाया गया। किसी तरह मौका पाकर वह घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़िता के बयान के आधार पर परिजन उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर हरहुआ निवासी आफताब अंसारी उर्फ अमित समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
हिरासत से आरोपी फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप
मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब हिरासत में लिया गया आरोपी शाम के समय पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इस घटना के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया।
आरोपी के थाने से फरार होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि आखिर इतनी संवेदनशील मामले के आरोपी की निगरानी में चूक कैसे हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
