Movie prime

इनोवा से लेकर जा रहे थे 245 तोते और 12 मोर, UP STF ने चार तस्करों को किया गिरफ्तार 

वाराणसी में STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 245 प्रतिबंधित तोते और 12 मोर बरामद हुए। आरोपी इन पक्षियों को कौशाम्बी से पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। 

 
UP STF
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने शुक्रवार रात अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के चार सदस्यों को 245 प्रतिबंधित तोते और 12 मोर के साथ वाराणसी से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रखौना चौराहे, थाना राजातालाब क्षेत्र में की गई।

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी में एक्टिव गिरोह प्रयागराज और कौशाम्बी से प्रतिबंधित पक्षियों को पश्चिम बंगाल के आसनसोल तक पहुंचा रहे हैं। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने वन विभाग वाराणसी और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, गोरखपुर के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहम्मद वसीम उर्फ अरमान (आसनसोल, पश्चिम बंगाल), मोहम्मद आयूब (वर्धमान, पश्चिम बंगाल), नितेश दिवाकर (कौशाम्बी) और अमन कुमार (प्रयागराज) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 245 तोते, 12 मोर, तीन मोबाइल फोन, इनोवा कार बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपी वसीम उर्फ अरमान ने बताया कि वह कौशाम्बी निवासी पंकज से प्रतिबंधित पक्षी खरीदता था। एक मोर 500 रुपये और तोते 100–200 रुपये में खरीदकर पश्चिम बंगाल ले जाया जाता था, जहां उन्हें छोटे व्यापारियों को 400–500 रुपये प्रति तोता और 2500–3000 रुपये प्रति मोर में बेचा जाता था।

वसीम ने यह भी कबूल किया कि वह कई बार पहले भी पंकज से तोते और मोर खरीदकर ले जा चुका है। इस तस्करी में उसका मुख्य सहयोगी मोहम्मद आयूब है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जा रही है।