वाराणसी : सिलेंडर से मारकर युवक की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी के कोनिया घाट में अंकित राजभर की गैस सिलिंडर से सिर पर वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुगलसराय के शाहूपुरी से पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल गैस सिलिंडर भी बरामद किया है।
वाराणसी के कोनिया घाट इलाके में गैस सिलिंडर से सिर पर वार कर अंकित राजभर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सोमवार को मुगलसराय थाना क्षेत्र के उज्ज्वलपुरम, शाहूपुरी से पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया गैस सिलिंडर भी बरामद कर लिया गया है।
मंगलवार को आदमपुर थाने में एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को अंकित राजभर घर से टहलने निकला था। इसी दौरान कोनिया घाट के पास एक किराना दुकान के नजदीक उसकी किशन विश्वकर्मा से कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद मारपीट, गैस सिलिंडर से किया हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान किशन के घर के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद किशन विश्वकर्मा, उसके भाई अजय विश्वकर्मा और परिवार के अन्य लोगों ने अंकित की पिटाई शुरू कर दी।
इसी दौरान किशन ने गैस सिलिंडर उठाकर अंकित के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अंकित की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की थी।
मुगलसराय के शाहूपुरी से हुई गिरफ्तारी
एसीपी विजय प्रताप सिंह के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल आरोपी किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े को सोमवार को मुगलसराय थाना क्षेत्र के उज्ज्वलपुरम, शाहूपुरी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गैस सिलिंडर भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में आदमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक एवं हनुमान फाटक चौकी प्रभारी सौरभ सिंह और तेलियानाला चौकी प्रभारी अजय कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
