वाराणसी में बांग्लादेशी घुसपैठिया गिरफ्तार, पास से मिला विदेशी करेंसी, ड्रोन और फर्जी पहचान पत्र
वाराणसी में ATS और पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी के पास से विदेशी करेंसी, ड्रोन और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। वह नेपाल के रास्ते भारत में घुसा था और चोरी के सामान को बेचने की फिराक में था।
वाराणसी: रामनगर पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने सूजाबाद क्षेत्र से एक संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अमेरिका, चीन और बांग्लादेश की विदेशी मुद्रा, ड्रोन कैमरा और अन्य महंगे उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार युवक ने शुरुआत में खुद को आंध्र प्रदेश का निवासी विनोद कुमार बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपनी असली पहचान बांग्लादेश के ढाका निवासी मोहम्मद बशर के रूप में उजागर की। उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और अलग-अलग जिलों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक खाते तैयार कर अपनी पहचान छिपाई थी। इन्हीं खातों के जरिए वह अपने आर्थिक लेन-देन संचालित कर रहा था। उसने यह भी कबूल किया कि 14 मार्च को महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक स्टूडियो से महंगे उपकरण चोरी कर नेपाल के रास्ते बेचने की योजना बना रहा था।
गश्त के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने सूजाबाद आर्मी ग्राउंड के पास घेराबंदी कर उसे बिना नंबर प्लेट की रॉयल एनफील्ड हिमालयन बाइक के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी भी बरामद की गई है।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों की गहन जांच में जुटी है। साथ ही अन्य संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
