Movie prime

वाराणसी: सामने घाट पुल पर महिला से चेन छिनैती करने वाले दो लुटेरों को  रामनगर पुलिस ने दबोचा

वाराणसी के सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जा रही महिला से चेन छिनैती के मामले में रामनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों मोटरसाइकिल से महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात करते थे।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जा रही महिला के गले से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही चेन या पर्स छीनकर फरार हो जाते थे।

शिकायत के बाद शुरू हुई थी आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को एक महिला ने थाना रामनगर में लिखित शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जाते समय उसके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर रामनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार

घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि चेन छीनने के बाद दोनों बाइक सवार बदमाश बंधा रोड की तरफ भागे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पवन दुबे (31), निवासी रघुनाथपुर, थाना फूलपुर और गौरव तिवारी (22), निवासी गोगवा, पोस्ट रैसीपुर, थाना जंसा के रूप में हुई। तलाशी में उनके कब्जे से महिला से छीनी गई चेन बरामद हुई। पकड़े जाने के डर से दोनों जंगल में छिपकर रात होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

शहर में घूमकर महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे इसी मोटरसाइकिल से शहर में घूमते थे। मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या हाथ में रखा पर्स छीनकर भाग जाते थे। लूटा हुआ सामान बेचने से मिलने वाली रकम दोनों आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।

गौरव तिवारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गौरव तिवारी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कपसेठी में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में वर्ष 2023 में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक पीली धातु की चेन बरामद हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक शिवम सोनी, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे।