नकली दवाओं की सप्लाई का खुलासा, वाराणसी से हिमाचल के सोलन तक फैला नेटवर्क, जंगी ऐप से करते थे कॉन्टेक्ट
वाराणसी में नकली दवाओं की बरामदगी के बाद जांच का दायरा हिमाचल प्रदेश के सोलन तक पहुंच गया है। एसटीएफ ने सोनभद्र निवासी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में प्रतिबंधित जांगी ऐप से तस्करों के संपर्क की बात सामने आई। जानिए छापेमारी में कौन सी संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं।
वाराणसी। नकली दवाओं की बरामदगी के बाद शुरू हुई जांच में तस्करी के नेटवर्क का दायरा वाराणसी से निकलकर सहारनपुर और हिमाचल प्रदेश के सोलन तक पहुंच गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और एसटीएफ की जांच में इन स्थानों के बीच नेटवर्क फैले होने के साक्ष्य मिले हैं। मामले में एसटीएफ और रोहनिया पुलिस ने सोनभद्र निवासी आरोपित अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया है। उसे गुरुवार को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर अब प्रदेशभर में नकली दवाओं के अवैध निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री और परिवहन पर निगरानी शुरू कर दी गई है।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि तस्कर आपस में संपर्क करने के लिए प्रतिबंधित जांगी ऐप का इस्तेमाल करते थे। पुलिस और संबंधित विभाग इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सुरागों की जांच कर रहे हैं।
दो नवंबर के मुकदमे में अभिषेक सिंह गिरफ्तार
दो नवंबर को रोहनिया थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर एसटीएफ और रोहनिया पुलिस ने बुधवार को अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया था। वह सोनभद्र जिले के अनपरा क्षेत्र की नई बस्ती का निवासी है। नकली दवाओं की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार अभिषेक को गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। अब प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में नकली दवाओं के अवैध निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े नेटवर्क की निगरानी की जा रही है।
30 अक्टूबर को मेडिकल स्टोर पर हुई थी पहली छापेमारी
इस मामले में 30 अक्टूबर को पहली छापेमारी की गई थी। वाराणसी के औषधि निरीक्षक जुनाब अली, जौनपुर के चन्द्रेश द्विवेदी और भदोही के औषधि निरीक्षकों की टीम ने जंसा पुलिस के सहयोग से ग्राम कुरौना सरौनी स्थित मेसर्स एसपी मेडिकल हाल पर छापा मारा था। इस दुकान का संचालन सुनील कुमार पटेल कर रहा था।
जांच के दौरान दुकान पर वैध औषधि अनुज्ञप्ति और दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख नहीं मिले। कंपनी के प्रतिनिधि ने छापेमारी में बरामद दवाओं को नकली बताया। इसके बाद टीम ने संदिग्ध दवाओं को सीज कर दिया और छह नमूने जांच के लिए भेजे।
इन दवाओं को किया गया सीज
छापेमारी के दौरान मॉटेयर-एलसी, जेरोडोल-एसपी, पैन-40, ओ2, डेफ्लाजाकोर्ट, क्लावम-625, टैक्सिम-ओ, रैबेप्राजोल, फ्रोजन एए, स्केलकल-500, सी-एजेड, एमक्लैव-625, गुटडेफ प्लस और सुपरस्पाज समेत कई संदिग्ध दवाएं बरामद हुई थीं। टीम ने इन सभी दवाओं को सीज कर दिया। बरामद दवाओं के छह नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
