Movie prime

65 लाख के GST फ्रॉड का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार, फर्जी फर्म बनाकर राजस्व को लगाया चूना

वाराणसी के चौबेपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने जीएसटी फ्रॉड मामले में वांछित आरोपी मो. फरहान को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी फर्म बनाकर राजस्व को नुकसान पहुंचाया था। उसके पास से जीएसटी दस्तावेज और आईफोन बरामद हुए हैं। पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।

 
GST फ्रॉड का आरोपी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जीएसटी फ्रॉड के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को वाराणसी पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चौबेपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी को उसके ठिकाने से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से फर्जी जीएसटी दस्तावेज, आधार कार्ड, रेंट एग्रीमेंट, बिजली बिल और एक आईफोन बरामद किया गया है।


पंजाब से दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. फरहान (27 वर्ष) पुत्र मो. इलियास, मूल निवासी बिजनौर का रहने वाला है, जो वर्तमान में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रह रहा था। पुलिस टीम ने 21 फरवरी को मंडी गोविंदगढ़ स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।


फर्जी फर्म बनाकर किया GST फ्रॉड
जांच में सामने आया कि आरोपी ने ‘सिंह इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी फर्म बनाकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया और इसके जरिए सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त आलोक रंजन की शिकायत पर 9 जुलाई 2025 को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, आधार कार्ड, रेंट एग्रीमेंट, बिजली बिल और आईफोन 14 प्रो मैक्स मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों से फ्रॉड से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और मामले की जांच जारी है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जीएसटी फ्रॉड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।