वाराणसी: मासूम को अगवा कर 70 फीट गहरे कुएं में फेंका, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी के चौबेपुर में एक युवक ने मासूम बच्ची का अपहरण कर उसे 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया। ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
वाराणसी: चौबेपुर में एक युवक ने मासूम बच्ची का अपहरण कर उसे 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया। ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची सोमवार सुबह स्कूल गई थी और छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान साइकिल सवार पतालू उर्फ ताज मोहम्मद ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बैठा लिया और वहां से लेकर फरार हो गया। आरोप है कि वह बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास ले गया और सुनसान जगह देखकर उसे सूखे कुएं में धक्का दे दिया।
ग्रामीणों ने बचाई जान, कुएं से निकाली गई जिंदा
करीब 70 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बच्ची के सिर में लगभग तीन इंच गहरा घाव पाया गया, जबकि हाथ-पैर में भी चोटें आईं।
इलाज के बाद हालत स्थिर, घर भेजी गई बच्ची
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की हालत को खतरे से बाहर बताया। इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए हैं, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी ताज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
भारी पुलिस बल तैनात, जांच जारी
घटना के बाद एडीसीपी, एसीपी सारनाथ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी पड़ोसी गांव का रहने वाला है और बच्ची की हालत फिलहाल सामान्य है।
