वाराणसी में मजदूर की बेरहमी से हत्या, छोटे सिलिंडर से सिर पर किया वार; दो साथियों संग आरोपी फरार
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया में पुरानी रंजिश को लेकर 26 वर्षीय मजदूर अंकित राजभर की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बुढ़वा विश्वकर्मा ने दो साथियों के साथ मिलकर छोटे सिलिंडर से उसके सिर पर वार किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की।
वाराणसी: आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय मजदूर अंकित राजभर की हत्या कर दी गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद बुढ़वा विश्वकर्मा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंकित की पिटाई की और पास में रखे छोटे सिलिंडर से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शराब ठेके के पास अंडे की दुकान पर हुआ विवाद
कोनिया के विजईपुरा निवासी अंकित राजभर मजदूरी करता था। इन दिनों वह मकानों की रंगाई-पुताई का काम कर रहा था। शनिवार शाम काम से लौटने के बाद वह घर के पास स्थित देसी शराब के ठेके के नजदीक अंडे की दुकान पर मौजूद था।
इसी दौरान उसकी क्षेत्र के रहने वाले बुढ़वा विश्वकर्मा और दो अन्य युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया गया कि शराब पीने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर बुढ़वा ने अंकित को गाली दी। अंकित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
छोटे सिलिंडर से सिर पर किया वार
आरोप है कि बुढ़वा विश्वकर्मा और उसके साथ मौजूद दोनों युवकों ने अंकित की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान बुढ़वा ने पास में रखे छोटे सिलिंडर से अंकित के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अंकित मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। उसके सिर से खून बहने लगा।
अंकित को लहूलुहान हालत में देखकर बुढ़वा और उसके दोनों साथी वहां से भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने पर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। वे ई-रिक्शा की मदद से अंकित को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के करीब 40 मिनट बाद चौकी इंचार्ज को इसकी सूचना मिली। इसके बाद आदमपुर पुलिस सक्रिय हुई और शव को मंडलीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया।
ACP ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
