वाराणसी: लंका पुलिस ने वाहन चोर गिरोह को दबोचा, 7 चोरी की बाइक बरामद
वाराणसी के लंका क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिन्हें बिहार ले जाकर बेचा जाता था।
वाराणसी: शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए लंका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए दोनों युवक बिहार के रहने वाले हैं और बीएचयू व आसपास के इलाकों में सक्रिय थे।
मंगलवार देर रात सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ सामने घाट इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जजेज गेस्ट हाउस के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तार युवक राहुल पासवान ने पूछताछ में बताया कि जिस बाइक से वे पकड़े गए, वह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर क्षेत्र से चोरी की गई थी। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी सौरभ सिंह उर्फ टाइगर के साथ मिलकर बीएचयू, लंका और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चुराता था।
चोरी की गई गाड़ियों को गायत्री नगर–मलहिया रोड के किनारे बबुरानी इलाके में छिपाकर रखा जाता था। बाद में इन्हें बिहार ले जाकर बेच दिया जाता था।
सात चोरी की बाइक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें यामाहा आर-15, अपाचे आरटीआर, स्प्लेंडर प्लस, ग्लैमर और जिक्सर जैसी महंगी बाइक शामिल हैं।
पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और चोरी की गई अन्य गाड़ियां कहां बेची गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से बीएचयू और लंका क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी। आगे भी ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सख्त अभियान जारी रहेगा।
