Movie prime

वाराणसी: पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो नामजद समेत चार के खिलाफ केस दर्ज

 
Murder
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा मिश्ररान गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


जानकारी के अनुसार, धौरहरा मिश्ररान गांव निवासी संजय मिश्रा (पुत्र संत कुमार मिश्रा) शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान उगापुर गांव के पास नहर के समीप स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शिवा सिंह और ठल्लू सिंह समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही उनके भाई राजीव मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायल संजय को थाने लेकर गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया।


दीनदयाल अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:40 बजे संजय मिश्रा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में सनसनी फैल गई।


परिजनों के अनुसार, यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है। गांव के एक राजभर परिवार को पानी देने को लेकर विवाद चल रहा था। विपक्षी पक्ष सबमर्सिबल से पानी देने का विरोध करता था, जबकि मृतक का परिवार पानी देता रहा। इसी को लेकर पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी, जिसे कैथी चौकी पर समझौते के जरिए सुलझाया गया था।


मृतक अपने पीछे दो बेटे 19 वर्षीय समर मिश्रा और 14 वर्षीय जीत मिश्रा को छोड़ गए हैं। सूचना पर एसीपी सारनाथ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।


प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतक के भाई राजीव मिश्रा की तहरीर पर शिवा सिंह, ठल्लू सिंह सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।