Movie prime

वाराणसी: बेनियाबाग में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, दो दिन पहले भी हुआ था जानलेवा हमला

वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग हरिजन बस्ती में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने सोते समय 5 गोलियां मारीं। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

 
बेनियाबाग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग की हरिजन बस्ती में सोमवार तड़के हुई हत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने राजन नामक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार भोर में बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहने आए राजन पर उस समय हमला किया गया, जब वह घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था।  गंभीर रूप से घायल राजन को तत्काल मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सगाई समारोह में शामिल होने आया था राजन

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक राजन की दो पत्नियां थीं। पहली पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर क्षेत्र में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहती है। परिवार के अनुसार, 20 जून को छोटे बेटे की सगाई प्रस्तावित थी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन बेनियाबाग आया हुआ था।

दो दिन पहले भी हुआ था हमला करने का प्रयास

मृतक के बेटे राजू ने बताया कि दो दिन पहले भी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पिता पर हमला करने पहुंचे थे। हालांकि शोर मचाने पर दोनों मौके से फरार हो गए थे। उस समय उनकी पहचान नहीं हो सकी थी।

राजू के अनुसार, इस बार हमलावरों ने सोते समय राजन को निशाना बनाया। राजू के अनुसार, उसके पिता को कुल पांच गोलियां मारी गईं, जिनमें तीन गोलियां सिर में और दो पेट में लगीं। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

पुरानी रंजिश के एंगल से जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका सामने आ रही है। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।