वाराणसी: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था बदमाश, अवैध पिस्टल और कारतूस संग गिरफ्तार
वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस के ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत फूलपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पकड़ से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को फूलपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेवादा स्थित नर्मदेश्वर हॉस्पिटल के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
फायरिंग के बाद भी नहीं बच पाया आरोपी
पुलिस ने बिना घबराए चारों ओर से घेराबंदी की और कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनिकेत कुमार सिंह उर्फ गामा, पुत्र अरुण कुमार सिंह, निवासी गड़खरा, थाना सिंधौरा, जनपद वाराणसी के रूप में हुई।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
फूलपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने और पुलिस पर फायरिंग करने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ भी जारी है। इस अभियान में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, कांस्टेबल राकेश सरोज, आरक्षी गौरव पांडेय और अमन कुमार शामिल रहे।
