Movie prime

वाराणसी में पेंशन शुरू कराने के नाम पर बुजुर्ग से 10 लाख की ठगी

वाराणसी में पेंशन शुरू कराने के नाम पर रमदत्तपुर निवासी मोहम्मद सत्तार से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित ने पेंशन प्रक्रिया के लिए रकम की जरूरत बताकर एसबीआई खाते से फेडरल बैंक के खाते में पैसे ट्रांसफर कराए। साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: पेंशन शुरू कराने की प्रक्रिया के नाम पर पांडेयपुर के रमदत्तपुर निवासी मोहम्मद सत्तार से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पेंशन चालू कराने के लिए रकम की जरूरत बताकर उन्हें विश्वास में लिया और फिर एसबीआई खाते से 10 लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस से शिकायत कर रकम वापस कराने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पेंशन शुरू कराने के लिए मांगे 10 लाख रुपये

शिकायत के मुताबिक, एक व्यक्ति ने मोहम्मद सत्तार से संपर्क कर पेंशन शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये की आवश्यकता बताई। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए सत्तार ने 10 अगस्त की शाम करीब चार बजे अपने एसबीआई खाते से चेक के माध्यम से 10 लाख रुपये आरोपित द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

फेडरल बैंक के खाते में पहुंची रकम

पीड़ित के अनुसार, 10 लाख रुपये फेडरल बैंक के एक खाते में जमा हुए, जिसका खाताधारक जितेंद्र कुमार बताया गया है। रकम ट्रांसफर होने के बाद जब सत्तार को पता चला कि पेंशन शुरू कराने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

पीड़ित ने साइबर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित बैंक खाते को तत्काल होल्ड कराने की मांग की है, ताकि ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते और रकम के लेनदेन से जुड़े विवरण की भी जांच कर रही है।