वाराणसी: होटल ले जाकर युवती को सल्फास पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी लकी सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने युवती को होटल में सल्फास पिलाकर आत्महत्या के लिए उकसाया था। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र में महिला मित्र को आत्महत्या के लिए उकसाने और उसकी मौत से जुड़े मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान लकी सोनकर उर्फ विशाल सोनकर (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार गांव का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी को रामपुर अंडर बाईपास के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी की बहन और उनकी बेटी आपस में सहेलियां थीं, जिसके कारण आरोपी का उनके घर पर आना-जाना था।
आरोप है कि 8 दिसंबर 2025 को आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर आनंदम होटल ले गया, जहां उसने कमरे में पानी की बोतल में सल्फास मिलाकर युवती को पिला दिया। इसके बाद युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद मामले में अदालत के आदेश पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस मामले में एक अन्य आरोपी मनीष सोनकर भी नामजद है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
