Movie prime

वाराणसी: प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग बहू ने कुल्हाड़ी से की थी सास की हत्या, गिरफ्तार

वाराणसी के फूलपुर क्षेत्र में घरेलू विवाद से तंग आकर नाबालिग बहू ने अपनी सास की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। लॉकेट और पैसों के विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव चौकी अंतर्गत लाठिया गांव में सास की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग बहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर बहू ने कुल्हाड़ी से वार कर अपनी सास की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक 25 फरवरी 2026 को आशा देवी (पत्नी स्वर्गीय सुभाष वनवासी) का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतका की नाबालिग बहू पर शक हुआ। गुरुवार को थाना फूलपुर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

अभियुक्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी सास उसे प्रताड़ित करती थी और उसकी जमा रकम अपनी बेटी को दे देती थी। घटना वाले दिन दोनों Bank of Baroda की कठिरांव शाखा से ₹2000 निकालकर सर्राफा दुकान गई थीं, जहां गिरवी रखा लॉकेट छुड़ाने के लिए पैसे कम पड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

घर लौटने के बाद कहासुनी बढ़ गई, जिससे गुस्से में आकर बहू ने पास में रखी कुल्हाड़ी से सास पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पहले ही घटनास्थल के पास से बरामद कर ली गई थी। फिलहाल नाबालिग अभियुक्ता को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।