फर्जी आधार से बैंक खाते खुलवाकर बेचते थे साइबर अपराधियों को, वाराणसी पुलिस ने महिला सरगना समेत 6 को दबोचा
वाराणसी। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन "Cy-Vazra" के तहत वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने महिला सरगना समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर फर्जी पता दर्ज करता था। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वाराणसी के अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था।
फर्जी आधार से खुलवाते थे बैंक खाते
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले जरूरतमंद लोगों को कुछ रुपये देने का लालच देते थे। इसके बाद उनके आधार कार्ड में स्थायी पते को बदलकर वाराणसी क्षेत्र का पता दिखाया जाता था। इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे।
खाता खुलने के बाद बैंक से मिलने वाली किट यानी चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड को नए पते पर पहुंचने से पहले ही पोस्टमैन से संपर्क कर हासिल कर लेते थे। इसके बाद खाते से जुड़े मोबाइल सिम और बैंक किट को पैक कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था।
देशभर के 21 साइबर फ्रॉड मामलों से जुड़े तार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच में देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 21 साइबर अपराधों का पता चला है। इन मामलों में कुल 76,44,476.97 रुपये की साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
इन शिकायतों में बिहार, असम, कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और मणिपुर जैसे राज्यों के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
4 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक
3 सील बंद चेकबुक
3 डेबिट कार्ड
11 पासबुक
6 मोबाइल फोन
2 पैन कार्ड
3 कूटरचित आधार कार्ड
बरामद किए हैं।
महिला सरगना समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में वाराणसी और सोनभद्र के रहने वाले युवक-युवतियां शामिल हैं। इनमें एक महिला को गैंग की मुख्य संचालक बताया गया है। इसके अलावा बैंक किट पहुंचाने वाले पोस्टमैन की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू काद्यान, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन/साइबर नोडल नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में की गई।
थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
