Movie prime

फिल्मी अंदाज में हो रही थी तस्करी, हाइड्रोलिक चैंबर से 30 लाख का गांजा बरामद, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी में सिगरा पुलिस ने 'पुष्पा स्टाइल' गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए पिकअप के हाइड्रोलिक चैंबर से 59.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया। करीब 30 लाख रुपये की खेप के साथ बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कफ सिरप और शराब के बाद अब गांजा तस्करों ने भी तस्करी का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। गांजा छिपाकर सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का वाराणसी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सिगरा पुलिस ने पिकअप वाहन के हाइड्रोलिक चैंबर में छिपाकर लाई जा रही 59.4 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की है। मामले में बिहार के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।

हाइड्रोलिक चैंबर में छिपाकर लाई जा रही थी गांजा की खेप

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सावन माह को देखते हुए क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप वाराणसी लाई जा रही है, जिसे पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाना था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी स्थित लहरतारा अमूल डेयरी मोड़ के पास घेराबंदी कर ओडिशा नंबर की एक पिकअप को रोककर तलाशी ली।

56 पैकेट में मिला 59.4 किलो गांजा

जांच के दौरान पुलिस को वाहन के डाले के नीचे बने हाइड्रोलिक चैंबर में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए 56 पैकेट मिले। इनमें कुल 59.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर निवासी मुमताज फारूकी और मुन्ना फारूकी को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है।

ओडिशा से वाराणसी, फिर पूर्वांचल में सप्लाई की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से झारखंड और बिहार के रास्ते वाराणसी लाई गई थी। यहां से इसे पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में खपाने की तैयारी थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप का असली मास्टरमाइंड कौन है, माल किसके कहने पर मंगाया गया था और इसकी डिलीवरी किन लोगों तक पहुंचनी थी।

पूरे तस्करी नेटवर्क की खंगाल रही पुलिस

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन, वाहन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

सावन में बढ़ जाती है गांजा की मांग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सावन के दौरान भांग और गांजा की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर तस्कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप बाजार तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि कुछ स्थानों पर सरकारी भांग के ठेकों की आड़ में अवैध रूप से गांजा बेचे जाने की आशंका है। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।