Movie prime

बहन के बहाने घर पहुंचा युवक, 17 साल की किशोरी को बाइक पर बैठाकर ले गया, युवक समेत पूरे परिवार पर केस

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी को बहन की दोस्ती का फायदा उठाकर घर से ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक, उसकी बहन और माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
रोहनिया थाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी बहन की दोस्ती का फायदा उठाकर देर रात किशोरी को घर से बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाया और अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने युवक, उसकी बहन और माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात 11 बजे घर के बाहर पहुंचा युवक, फिर अचानक गायब हो गई किशोरी

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 25 जून 2026 की रात करीब 11 बजे की है। पीड़िता की मां ने बताया कि घर के बाहर मोटरसाइकिल रुकने की आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं। वहां गांव निवासी पंकज पटेल अपनी बहन के साथ उनकी 17 वर्षीय बेटी से बातचीत कर रहा था।

आरोप है कि पंकज की बहन पहले से ही किशोरी की सहेली थी। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए दोनों ने किशोरी को अपने साथ चलने के लिए तैयार किया और बाइक पर बैठाकर वहां से ले गए।

मामा के घर ले जाने का आरोप, पूछने पर किया अभद्र व्यवहार

पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी को आरोपी अपने मामा के घर मेंहदीगंज ले गए हैं। जब वह आरोपी के घर पहुंचीं और उसकी मां मीरा देवी से बेटी के बारे में जानकारी मांगी, तो उन्होंने कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। तहरीर में कहा गया है कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी गाली-गलौज करते हुए उन्हें धक्का देकर घर से भगा दिया।

'बेटी नहीं मिलेगी', शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि अगले दिन दोबारा जानकारी लेने पहुंचने पर आरोपियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि गंभीर धमकियां भी दीं। आरोप है कि उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब उनकी बेटी वापस नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं, पुलिस में शिकायत करने पर मां-बेटी दोनों की हत्या कराने की धमकी भी दी गई।

चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज

पीड़िता की तहरीर के आधार पर रोहनिया पुलिस ने पंकज पटेल, उसके पिता अशोक कुमार, मां मीरा देवी और उसकी बहन के खिलाफ अपहरण सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

किशोरी की तलाश में जुटी पुलिस

रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।