वाराणसी: तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की जोरदार टक्कर, 2 की मौत, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
वाराणसी के सरैया-सारनाथ मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
वाराणसी: सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जोरदार टक्कर से उछले यात्री, ऑटो के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रहे पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे।
दो की मौके पर मौत, कई घायल
इस हादसे में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी, जो पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करती थीं, गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में ऑटो चालक समेत अन्य घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
आरोपी चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया, हालांकि कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना इस दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
