वाराणसी में पति-पत्नी के झगड़े का खौफनाक अंत: पति ने लगाई फांसी, पत्नी ने खाया जहर
वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बाद पति आशीष प्रजापति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से सदमे में पत्नी ने भी जहर खा लिया। पुलिस ने पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक है। फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के सोनिया इलाके में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। झगड़े के बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि पत्नी ने भी जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
झगड़े के बाद पति ने कमरे में लगाई फांसी
जानकारी के अनुसार सोनिया क्षेत्र निवासी आशीष प्रजापति (36) का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद आशीष घर के ऊपरी कमरे में चले गए, जहां उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी होने पर कोहराम मच गया।
पति की मौत के बाद पत्नी ने खाया जहर
पति द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की जानकारी मिलते ही पत्नी ने भी जहर खा लिया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही संजय मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक सिगरा, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां उसका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दंपती के बीच विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
