Movie prime

वाराणसी: चांदी लूट के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, SOG प्रभारी घायल, बदमाशों के पैर में लगी गोली

वाराणसी के चौक चांदी लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। लंका के लौटूबीर में मुठभेड़ के दौरान मध्य प्रदेश के दो बदमाश गिरफ्तार किए गए। दोनों के पैरों में गोली लगी, जबकि SOG प्रभारी भी घायल हुए। आरोपियों के पास से 4 किलो चांदी बरामद हुई।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: 16 जुलाई को चौक क्षेत्र में आभूषण कारोबारी से हुई चांदी लूट की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सोमवार देर रात चौक पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर इलाके में मुठभेड़ के दौरान लूटकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में SOG प्रभारी गौरव कुमार सिंह भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो चांदी बरामद की है।

लंका के लौटूबीर में हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली कि चौक क्षेत्र में हुई चांदी लूट में शामिल दो आरोपी लंका थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही चौक पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी अपनी सफेद रंग की बलेनो कार छोड़कर भागने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में दबोच लिया।

SOG प्रभारी गौरव कुमार सिंह भी हुए घायल

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली SOG प्रभारी गौरव कुमार सिंह की दाहिनी बांह में लगी। घायल अधिकारी और दोनों आरोपियों को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शाबिर और माशाल्लाह मध्य प्रदेश के होशंगाबाद (नर्मदापुरम) जिले के पिपरिया क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और वारदात के बाद उनकी तलाश की जा रही थी।

4 किलो चांदी बरामद, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो चांदी बरामद की है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। साथ ही लूटे गए शेष माल की बरामदगी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।

16 जुलाई को हुई थी सनसनीखेज लूट

गौरतलब है कि 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा इलाके में आभूषण व्यवसायी से चांदी लूट की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की थी। सोमवार रात डाफी टोल प्लाजा के नीचे लौटूबीर के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी, लूट के पूरे नेटवर्क का खुलासा और बाकी सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।