100 रुपये के लिए बेटे ने मां की ले ली जान: नशेड़ी बेटे को पैसे नहीं दिये तो सरिया से कूंच दिया सिर
वाराणसी के भुल्लनपुर इलाके में शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपनी मां की ईंट और सरिया से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाराणसी: शहर के भुल्लनपुर इलाके में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां की ईंट और सरिया से हमला कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार मंडुआडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर पंचायत भवन के पास हरिजन बस्ती में रहने वाली 65 वर्षीय शीला देवी से उनका छोटा बेटा घनश्याम शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने पहले उसे 100 रुपये दिए, लेकिन वह और पैसे की जिद करने लगा।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब उसने दोबारा पैसे मांगे और मां ने डांट दिया, तो वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में आकर उसने ईंट से मां के माथे पर वार कर दिया और फिर सरिया से सिर पर कई प्रहार किए। गंभीर रूप से घायल शीला देवी खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं।
घर में मौजूद बहू ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच आरोपी ने घर में फैले खून को पानी डालकर साफ करने की कोशिश भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से भी उसने हाथापाई की, जिसके बाद किसी तरह उसे काबू में किया गया।
गंभीर हालत में शीला देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से ईंट और सरिया को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है।
एडीसीपी वरुणा जोन नीतू ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पड़ोसियों में था डर
परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार घनश्याम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसकी हरकतों से लोग अक्सर डरते थे। कुछ समय पहले उसे मानसिक अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था।
मेहनत कर घर चलाती थी मां
परिवार के मुताबिक शीला देवी दूसरों के घरों में काम करती थीं और एक सामाजिक संस्था से जुड़कर प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम में भी सहयोग करती थीं।
