Movie prime

वाराणसी: रोहनिया में 30 लाख की चोरी का खुलासा, 150 CCTV खंगालने पर हत्थे चढ़ा शातिर चोर

वाराणसी के रोहनिया में 30 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 20 आपराधिक मामलों वाला आरोपी शनि धरकार गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने सोना-चांदी, कार और हथियार बरामद किए हैं। सीसीटीवी और टोल रिकॉर्ड की मदद से चोर तक पहुंचा गया।
 
 30 लाख की चोरी का खुलासा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र में रेल अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में कुख्यात अपराधी शनि धरकार को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ पहले से 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सोना-चांदी, कार और तमंचा बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनमें 180.460 ग्राम सोना और 818 ग्राम चांदी शामिल है। इसके अलावा एक होंडा कार और एक तमंचा-कारतूस भी बरामद किया गया है।

दो साथियों के साथ मिलकर की थी वारदात

पूछताछ में सामने आया कि शनि धरकार ने अपने साथियों समीर भोदू और समीर सोनकर के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। समीर भोदू पहले से ही जेल में बंद है, जबकि समीर सोनकर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

150 CCTV फुटेज से मिला बड़ा सुराग

पुलिस ने इस मामले में करीब 150 सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाले। इसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई और पुलिस आरोपी के घर तक पहुंचने में सफल रही।


बिहार में बेचे गए जेवर, ‘सफेदपोश’ भी जांच के दायरे में
आरोपी ने चोरी के जेवरात को खपाने के लिए दो कथित सफेदपोश लोगों की मदद ली। जेवरात को बिहार के मोहनिया स्थित एक ज्वेलर्स के पास करीब 17.5 लाख रुपये में बेचा गया। पुलिस ने ज्वेलर्स से लेन-देन से जुड़ा वीडियो भी बरामद किया है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और मददगारों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस टीम को मिला इनाम

इस मामले के सफल खुलासे पर पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार ने रोहनिया पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अब फरार आरोपी और सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।