Movie prime

वाराणसी: पत्नी बताकर होटल में लिया कमरा, फिर साली की गला रेतकर हत्या के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक होटल के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की गला रेतकर हत्या की गई थी, जबकि युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। शुरुआती पुलिस जांच में मामला प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी और उसकी सगाई भी हो गई थी। इसी बात से युवक नाराज था।

घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित केजे इंटरनेशनल होटल की है। मृतकों की पहचान मंडुवाडीह के बीएलडब्ल्यू निवासी जय विकास (20) और बड़ागांव के बसनी की रहने वाली प्रिया केसरी (23) के रूप में हुई है। प्रिया की बड़ी बहन की शादी जय के बड़े भाई से हुई थी। इस रिश्ते से दोनों के बीच पारिवारिक संबंध भी था।

पति-पत्नी बताकर होटल में लिया था कमरा

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दोपहर करीब एक बजे जय और प्रिया ने होटल में पति-पत्नी के रूप में अपनी पहचान बताकर कमरा बुक कराया था। होटल के एंट्री रजिस्टर में दोनों ने आधार कार्ड देकर अपना नाम और पता दर्ज कराया। कमरे में पहुंचने के बाद उन्होंने खाने-पीने का सामान भी ऑर्डर किया।

बताया जा रहा है कि प्रिया सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। वह बड़ागांव में यूनियन बैंक के पास स्थित अनन्या ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो दोनों की लोकेशन बाबतपुर इलाके में मिली।

डिनर का ऑर्डर लेने पहुंचा होटल स्टाफ, नहीं खुला दरवाजा

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे जब स्टाफ डिनर का ऑर्डर लेने के लिए कमरे में पहुंचा तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल मैनेजर को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस दोनों के परिजनों को साथ लेकर होटल पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। प्रिया का शव बाथरूम के दरवाजे के पास पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। वहीं, जय विकास का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, युवक ने प्रिया के दुपट्टे से फंदा बनाया था।

शादी कहीं और तय होने से नाराज था युवक

डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के मुताबिक, जय और प्रिया के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों की जान-पहचान प्रिया की बड़ी बहन की शादी के बाद हुई थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रिया की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। उसकी सगाई भी हो गई थी और जनवरी में शादी होनी थी।

बताया जा रहा है कि जय इस रिश्ते से नाराज था और प्रिया पर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। वह अपने साथ सिंदूर की डिब्बी भी लेकर होटल पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, प्रिया के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे और युवती भी परिवार की मर्जी से दूसरी जगह शादी करने को राजी हो गई थी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज की जांच

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर होटल के कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने कमरे में मौजूद वस्तुओं से फिंगरप्रिंट लिए और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। मौके से सिंदूर की डिब्बी भी बरामद हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।