Movie prime

वाराणसी में महिला कांस्टेबल ने एक्स-हसबैंड पर लगाया गंभीर आरोप, सोशल मीडिया पर कर रहा बदनाम

वाराणसी में तैनात महिला कांस्टेबल ने अपने पूर्व पति पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी है। पीड़िता ने पहले जबरन संबंध बनाने और हमले का भी आरोप लगाया है।

 
लालपुर-पांडेयपुर थाने
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अपने पूर्व पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि तलाक के बाद भी उसका पूर्व पति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर उसे बदनाम कर रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी है।

पीड़िता ने एडीसीपी वरुणा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में आजमगढ़ निवासी राजबहादुर से हुई थी। वर्ष 2020 में बेटे के जन्म के बाद पति का व्यवहार बदल गया और वह बच्चे को अनाथालय में रखने का दबाव बनाने लगा। इससे दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और वह मायके में आकर रहने लगी।

महिला कांस्टेबल के अनुसार, वर्ष 2023 में जब वह वाराणसी के जंसा थाने में तैनात थी, तब उसका पति घर आया और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने ब्लेड से हाथ काटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां परिजनों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इसके बाद उसने पति से पूरी तरह संबंध समाप्त कर लिया।

पीड़िता ने बताया कि उसने वर्ष 2025 में मऊ स्थित पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दी थी, जिसे जनवरी 2026 में कोर्ट ने मंजूर कर लिया। तलाक के बाद अब पूर्व पति लगातार सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें पोस्ट कर भद्दे कमेंट कर रहा है, जिससे उसकी छवि धूमिल हो रही है।

थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम आजमगढ़ भेजी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।