वाराणसी: रिलेशनशिप खत्म हुआ तो युवती को अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
चोलापुर में युवती ने युवक पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। शादी की बात पर रिश्ता खत्म होने के बाद आरोपी ने ब्लैकमेल शुरू किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने पूर्व परिचित युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का कहना है कि रिश्ते खत्म करने और शादी तय होने की जानकारी देने के बाद आरोपी उसे अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा, साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की चेतावनी भी दी।
चार साल का रिश्ता, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेल
पीड़िता के अनुसार, उसका चौबेपुर क्षेत्र के रहने वाले युवक से करीब चार वर्षों से परिचय था। दोनों के बीच संबंध भी रहे, लेकिन हाल ही में युवती ने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया और अपनी शादी तय होने की बात सामने रखी। इसी के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।
मोबाइल लेकर हासिल किया पासवर्ड
युवती ने बताया कि 29 मार्च को जब वह दवा लेने जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपी ने उसका मोबाइल फोन ले लिया और पासवर्ड भी पूछ लिया। इसके बाद उसने मोबाइल डेटा का दुरुपयोग करते हुए निजी फोटो और वीडियो अपने कब्जे में ले लिए।
परिजनों को भेजे फोटो, दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि आरोपी ने युवती के परिजनों और रिश्तेदारों को फोन कर गाली-गलौज की और निजी तस्वीरें भेजकर उसे बदनाम करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अमन पांडेय निवासी मुनारी (चौबेपुर) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
