Movie prime

‘व्हाइट कॉलर नेटवर्क’ का पर्दाफाश : लखनऊ से महिला डॉक्टर गिरफ्तार, कार से मिली AK-47!

 
Ak
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ (White Collar Network Busted) करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान एजेंसियों ने लखनऊ की एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कार से AK-47 राइफल बरामद हुई है। इस कार्रवाई में अब तक कई आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।

लखनऊ की महिला डॉक्टर डॉ. शाहीन गिरफ्तार

सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ निवासी डॉ. शाहीन को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। वह जम्मू-कश्मीर के डॉ. मुजम्मिल गनई समेत अन्य सात लोगों के संपर्क में थी। डॉ. शाहीन को पूछताछ के लिए श्रीनगर ले जाया गया है, जहां उससे आतंकियों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

अब तक गिरफ्तार हुए ये आरोपी

इस आतंकी मॉड्यूल में अब तक गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान इस प्रकार है:

  • अरिफ निसार डार (साहिल), निवासी नॉवगाम, श्रीनगर

  • यासिर-उल-आशरफ, निवासी नॉवगाम, श्रीनगर

  • मकसूद अहमद डार (शाहिद), निवासी नॉवगाम, श्रीनगर

  • मौलवी इरफान अहमद (मस्जिद के इमाम), निवासी शोपियां

  • जमीर अहमद आहंगर (मुतलाशा), निवासी वाकुरा, गंदेरबल

  • डॉ. मुजम्मिल अहमद गनाई (मुसैब), निवासी कोईल, पुलवामा

  • डॉ. आदिल, निवासी वानपोरा, कुलगाम

 2900 किलो विस्फोटक बरामद, डॉक्टर भी शामिल

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा हुआ था। इसमें शिक्षित पेशेवर, डॉक्टर और इमाम जैसे लोग शामिल थे। जांच टीमों को अब तक 2900 किलो विस्फोटक सामग्री और IED बनाने का सामान मिला है।

 फरीदाबाद से मिला हथियारों का बड़ा जखीरा

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में एक किराए के फ्लैट से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलवामा के रहने वाले डॉ. मुजम्मिल गनई की गिरफ्तारी के बाद हुई, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलरों से जुड़े आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।

कई राज्यों की संयुक्त कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दी। फिलहाल सुरक्षा कारणों से गिरफ्तारियों की सही तारीखें सार्वजनिक नहीं की गई हैं।

हथियारों और विस्फोटकों की पूरी सूची

अधिकारियों के अनुसार जब्त सामान में शामिल हैं:

  • 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट जैसी ज्वलनशील सामग्री

  • AK-47 असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन, 83 जिंदा कारतूस

  • एक पिस्तौल, आठ गोलियां, दो खाली कारतूस

  • 20 टाइमर, चार बैटरियां, रिमोट कंट्रोल

  • विस्फोटक से भरे 12 सूटकेस और एक बाल्टी

  • लगभग पांच किलो भारी धातु और एक वॉकी-टॉकी सेट

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस जखीरे का इस्तेमाल देश में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था।

डॉक्टरों की गिरफ्तारी से खुला पूरा नेटवर्क

पूरे मामले की शुरुआत पुलवामा के डॉ. आदिल अहमद राथर की गिरफ्तारी से हुई थी। सहारनपुर से पकड़े गए डॉ. आदिल से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर फरीदाबाद में अल-फलाह यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया गया। मुजम्मिल के किराए के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को हथियारों और विस्फोटकों का यह बड़ा जखीरा मिला, जिससे पूरे मॉड्यूल का खुलासा हुआ।