पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, बगीचे में दफनाया शव; 3 माह बाद खुला राज
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सेहरामऊ दक्षिणी थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए गुमशुदा युवक की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का शव बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम-प्रसंग में बाधा बनने के कारण युवक की हत्या कर शव को बगीचे में दफना दिया गया था।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मानपुर मलिकापुर गांव निवासी सत्यवीर सिंह ने छह मार्च 2026 को अपने भाई ओमकार सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। ओमकार 23 फरवरी को तिलहर न्यायालय में तारीख पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
जांच के दौरान चार जून को सत्यवीर सिंह ने अपने भाई के अपहरण की आशंका जताते हुए कांट थाना क्षेत्र के लिंथरा गांव निवासी नन्हे तथा ओमकार की पत्नी ओमा भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ओमा भारती और नन्हे के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के रिश्ते की जानकारी ओमकार को थी और वह इसका विरोध करता था। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से दोनों ने मिलकर ओमकार को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन ओमकार को नन्हे के बगीचे में बुलाया गया था। वहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को लिंथरा गांव स्थित नन्हे के बगीचे में केले के पेड़ के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर बगीचे से ओमकार का शव बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तीन महीने से लापता युवक की हत्या का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
