पत्नी ने खीर में मिलाई नशे की गोलियां, शव नहर में फेंका...बेहोश कर भाई-चचेरे भाई के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
लखनऊ। गोसाईगंज में 35 वर्षीय श्रमिक रामतीरथ की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी रामदुलारी ने खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर रामतीरथ को बेहोश किया। इसके बाद उसने अपने भाई अवधेश और चचेरे भाई सरजीत के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरे में भरकर बाराबंकी के सतरिख इलाके में सूखी नहर में फेंक दिया गया।
बाराबंकी पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था। जांच में यह सामने आया कि रामतीरथ की हत्या गोसाईगंज थाना क्षेत्र में हुई थी। इसके बाद मामले को गोसाईगंज पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। अब गोसाईगंज पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
3 जुलाई से लापता था रामतीरथ
रामतीरथ तीन जुलाई को अचानक लापता हो गया था। दो दिन बाद, पांच जुलाई को उसका शव बाराबंकी के सतरिख क्षेत्र में एक सूखी नहर में मिला था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी। 10 जुलाई को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखने के बाद रामतीरथ के पिता दयाराम ने उसकी पहचान की।
पिता ने रामतीरथ की पत्नी रामदुलारी, अवधेश और सरजीत पर हत्या का शक जताया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चेहरे पर चोट के निशान मिले थे, हालांकि मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी थी।
खीर में मिलाई थीं नशे की छह गोलियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात की पूरी कहानी बताई। पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई की रात रामदुलारी ने रामतीरथ को खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर खिला दीं। इसके बाद अवधेश उसे सरजीत के घर ले गया।
पुलिस का कहना है कि सरजीत के घर पर तीनों ने मिलकर रामतीरथ पर ईंट से हमला किया और कपड़े से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पांच जुलाई की भोर में अवधेश और सरजीत ने शव को बोरे में रखा और स्कूटी से ले जाकर बाराबंकी के सतरिख इलाके में सूखी नहर में फेंक दिया।
अवैध संबंध और नशे की लत को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में रामदुलारी और सरजीत के बीच कथित अवैध संबंध की बात सामने आई है। वहीं, अवधेश के नशे का आदी होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं मुद्दों को लेकर रामतीरथ का आरोपियों से अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते तीनों ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची।
सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव ने बताया कि जांच में हत्या की जगह सरजीत का मकान, गोसाईगंज सामने आया है। मामले के ट्रांसफर होने के बाद गोसाईगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
