शेयर मार्केट में डबल रिटर्न का सपना दिखाकर वाराणसी में महिला से 12 लाख की ठगी
वाराणसी। साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर वाराणसी की एक महिला से 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला गोलाघाट क्षेत्र की रहने वाली बागेश्वरी पांडेय से जुड़ा है, जिन्होंने इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
जानें कैसे फंसाया जाल में
पीड़िता बागेश्वरी पांडेय के अनुसार, उनके मोबाइल पर एक संदेश आया जिसमें ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के जरिए अच्छी कमाई का दावा किया गया था। मैसेज पर भरोसा करते हुए उन्होंने दिए गए लिंक पर क्लिक किया और एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ गईं।
ग्रुप में उन्हें निवेश से जुड़ी कई योजनाओं की जानकारी दी गई और निर्देशों के अनुसार उन्होंने कई किस्तों में 12 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने पहले लाभ का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद उनका संपर्क टूट गया और पैसे भी वापस नहीं मिले।
जब ठगों ने दोबारा छह लाख रुपये और मांगे, तब बागेश्वरी को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित बैंक खातों का ब्योरा खंगाला जा रहा है।
