Movie prime

तुम्हारी बेटी को दफना दिया...पति ने पत्नी को मारकर घर में दफनाया, खुद फोन कर सास को बताया

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शादी के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति ने हत्या के बाद शव को अपने ही घर में दफना दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां को खुद दामाद का फोन आया और उसने बेटी की हत्या कर शव दफनाने की बात कही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया।

यह मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव का है। मृतका की पहचान मुफीदुन के रूप में हुई है, जो संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसहवां गांव की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक, उसकी शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी।

मां ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मृतका की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि उनके दामाद ने फोन कर कहा, "मैंने आपकी बेटी को मारकर घर में ही दफना दिया है।" यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव

शिकायत मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में घर की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपियों से पूछताछ जारी

डुमरियागंज के क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दहेज के लिए हत्या का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।