नई दिल्ली। प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की पहली सूची जल्द जारी हो सकती है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 20 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। इनमें से पूर्व केंद्रीय मंत्री संदीप दीक्षित नई दिल्ली से आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष देवद्र यादव बादली, रोहित चौधरी नांगलोई, रागिनी नायक वजीरपुर, अभिषेक दत्त कस्तूरबा नगर, अनिल चौधरी पटपड़गंज और मुदित अग्रवाल चांदनी चौक से चुनावी मैदान में उतरने के लिए संभावित उम्मीदवार हैं। पार्टी ने इसके साथ ही हारून यूसुफ को बल्लीमारान, अली मेहंदी को मुस्तफाबाद और अब्दुल रहमान को सीलमपुर से फिर से टिकट देने का निर्णय लिया है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले ही अपनी दो लिस्ट में 31 उम्मीदवारों का ऐलान किया है, जिसमें 11 नाम पहली लिस्ट में और 20 नाम दूसरी लिस्ट में शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस से गठबंधन की संभावना को नकारते हुए कहा है कि आप दिल्ली में अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।