विशेष शिक्षकों के लिए बड़ी खबर: Special TET की परीक्षा 3 नवंबर को, 5 सितंबर से आवेदन शुरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाली Special TET 2026 परीक्षा को लेकर शासन ने अहम जानकारी जारी की है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया है। यह परीक्षा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों तथा विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए आयोजित की जाएगी। निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक इसमें शामिल हो सकेंगे।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के अनुसार, प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों, स्थानीय निकायों, राज्य सरकार या बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता/सम्बद्धता प्राप्त विद्यालयों और राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक पात्र होंगे।
इसके अलावा प्राथमिक स्तर पर कार्यरत विशेष एजुकेटर्स भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसी तरह कक्षा 6 से 8 यानी उच्च प्राथमिक स्तर के पात्र शिक्षकों और विशेष एजुकेटर्स को भी Special TET में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
परीक्षा के लिए 3 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया गया, जबकि ऑनलाइन पंजीकरण, OTR और आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 4 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, आवेदन में किसी तरह का संशोधन करने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026 तय की गई है। Special TET परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने पहले ही TET या CTET उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें Special TET दोबारा पास करना अनिवार्य नहीं होगा। वहीं, ऐसे शिक्षक जिन्होंने अभी तक TET या CTET उत्तीर्ण नहीं किया है, उन्हें Special TET के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कर आवेदन करने और परीक्षा में शामिल होने के लिए कहा गया है।
सभी संबंधित शिक्षकों तक परीक्षा और आवेदन से जुड़ी जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दी गई है, ताकि पात्र शिक्षक समयसीमा के भीतर अपना पंजीकरण और आवेदन पूरा कर सकें।
