Movie prime

बारामती की बहू से राज्यसभा सांसद तक… जानिए कौन हैं सुनेत्रा पवार, जो आज लेंगी महाराष्ट्र की डिप्टी CM की शपथ

 
Sunetra Pawar
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार आज यानी 31 जनवरी की शाम 5 बजे मुंबई में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। इसके साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।

शपथ ग्रहण से पहले दोपहर 2 बजे विधान भवन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। पार्टी ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने बैठक से जुड़ा आधिकारिक पत्र विधानसभा सचिवालय को सौंप दिया है।

इस बीच सुनेत्रा पवार बारामती से मुंबई पहुंच चुकी हैं और शपथ समारोह की अंतिम तैयारियां चल रही हैं। उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्हें राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देना होगा। ऐसे में खाली होने वाली राज्यसभा सीट को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि यह जिम्मेदारी पार्थ पवार को मिल सकती है।

कौन हैं सुनेत्रा पवार

सुनेत्रा पवार का जन्म वर्ष 1963 में महाराष्ट्र के धराशिव जिले में हुआ था। उनके पिता बाजीराव पाटिल क्षेत्र के प्रभावशाली नेता रहे हैं, जबकि पूर्व मंत्री और सांसद पद्मसिंह पाटिल उनके भाई हैं। उन्होंने 1983 में सरस्वती भुवन कॉलेज, संभाजीनगर से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

साल 1985 में उनका विवाह अजित पवार से हुआ। विवाह के बाद वे लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहीं, लेकिन सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी लगातार बनी रही। काटेवाड़ी गांव में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की पहल उनका पहला बड़ा सामाजिक प्रयास माना जाता है।

सामाजिक कार्यों से सियासत तक का सफर

स्वच्छता अभियानों के चलते काटेवाड़ी गांव को वर्ष 2006 में निर्मल ग्राम पुरस्कार मिला और गांव को खुले में शौच से मुक्त घोषित किया गया। वर्ष 2008 में उन्होंने ‘बारामती हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क’ की स्थापना की और इसकी अध्यक्ष रहीं। वे विद्या प्रतिष्ठान की ट्रस्टी भी हैं।

सुनेत्रा पवार वर्ष 2011 से फ्रांसीसी थिंक टैंक ‘वर्ल्ड एंटरप्रेन्योरशिप फोरम’ से जुड़ी हैं और 2017 से सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की सीनेट की सदस्य हैं। एनसीपी में विभाजन के बाद उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बारामती सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें सुप्रिया सुले से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 18 जून 2024 को वे राज्यसभा सांसद बनीं।

अब उपमुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय लिखने जा रही हैं।