एक दुल्हन, कई पति...ऐसा देश जहां आज भी एक ही महिला से होती हैं सभी भाईयों की शादी, जानें क्यों
दुनिया में अलग-अलग धर्म और समुदाय अपने-अपने रीति-रिवाजों के लिए जाने जाते हैं। कुछ परंपराएं सामान्य होती हैं, तो कुछ इतनी अलग होती हैं कि सुनकर हैरानी होती है। आज हम आपको एक ऐसी ही परंपरा के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां एक ही महिला से सभी भाईयों की शादी करा दी जाती है। जी हां, सुनने में यह भले अजीब लग रहा, लेकिन इसके पीछे का कारण उतना ही दिलचस्प है। आइए जानते है वो कौन सी जगह है जहां आज के आधुनिक दौर में इस तरह की परंपरा निभाई जा रही है।
कहां निभाई जाती है यह परंपरा?
यह परंपरा नेपाल के दूरदराज पहाड़ी इलाके हुमला जिला में रहने वाले न्यिनबा समुदाय (Nyinba Community) के बीच प्रचलित 'पांचाली' प्रथा है, जिसे 'भ्रातृ बहुपतित्व' भी कहा जाता है। हिमालय की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बसे ये गांव समुद्र तल से 2500 से 3300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं, जहां जीवन आसान नहीं है।

क्यों अपनाई गई यह परंपरा?
इस अनोखी प्रथा के पीछे सबसे बड़ा कारण आर्थिक और सामाजिक संतुलन है। यहां खेती योग्य जमीन बहुत सीमित है। अगर हर भाई अलग-अलग शादी करे, तो जमीन छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट जाएगी। इससे उत्पादन घटेगा और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो सकता है।
इसी समस्या से बचने के लिए परिवार के सभी भाई एक ही महिला से विवाह करते हैं, जिससे संपत्ति एकजुट बनी रहती है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत रहती है।
महाभारत से जुड़ा संदर्भ
यह परंपरा भारतीय महाकाव्य महाभारत की पात्र द्रौपदी की कहानी से भी मेल खाती है, जिनका विवाह पांचों पांडवों से हुआ था। इसी कारण इसे ‘पांचाली प्रथा’ भी कहा जाता है।
आधुनिक दौर में क्या है स्थिति?
आज के समय में यह परंपरा कम होती जा रही है, लेकिन कुछ दूरस्थ इलाकों में अब भी इसका पालन किया जाता है। शिक्षा और आधुनिक सोच के बढ़ने के साथ नई पीढ़ी धीरे-धीरे इस प्रथा से दूरी बना रही है।
