Movie prime

UPTET 2026 Result: लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म, 13 लाख से ज्यादा हुए पास, आयोग ने जारी किया रिजल्ट

 
UPTET
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर को मिलाकर 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।
19.94 लाख अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की गई थी। इस तरह परीक्षा कुल पांच पालियों में संपन्न हुई। परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 केंद्रों पर कराई गई थी।

अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा को तीन दिनों में आयोजित किया गया। इस बार कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। आयोग ने परिणाम तैयार करने में विज्ञापन में पहले से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को अपनाया।


प्राथमिक स्तर पर 80.07 फीसदी अभ्यर्थी सफल

कक्षा 1 से 5 तक के लिए आयोजित प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इस तरह प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा।

वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। उच्च प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।


कार्यरत शिक्षकों का भी शानदार प्रदर्शन

UPTET 2026 में पहले से कार्यरत शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 फीसदी सफल रहे।

इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 फीसदी शिक्षकों को सफल घोषित किया गया है।


निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ हुई परीक्षा

परिणाम जारी करते हुए आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस बड़ी परीक्षा को आयोग ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि परिणाम तैयार करते समय विज्ञापन में पहले से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया गया है।

 

अभ्यर्थी अपना UPTET 2026 परिणाम और संबंधित जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।