AFCAT Admit Card जारी: भारतीय वायुसेना ने खोला डाउनलोड लिंक, 31 जनवरी को होगी परीक्षा
नई दिल्ली I भारतीय वायुसेना (IAF) ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) 01/2026 का एडमिट कार्ड आधिकारिक पोर्टल पर जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे अब आधिकारिक वेबसाइट afcat.edcil.co.in पर लॉग इन करके अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड जारी होने की आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि "एएफसीएटी परीक्षा (01/2026) का एडमिट कार्ड उम्मीदवारों के लॉगिन पेज पर उपलब्ध करा दिया गया है।" उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने पंजीकृत ईमेल आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके जल्द से जल्द एडमिट कार्ड डाउनलोड करें तथा उसमें दर्ज सभी विवरणों जैसे नाम, फोटो, परीक्षा केंद्र का पता, तिथि, समय और अन्य निर्देशों की सावधानीपूर्वक जांच करें। किसी भी असंगति की स्थिति में तुरंत आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें।
परीक्षा की तारीख 31 जनवरी 2026 निर्धारित है। यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा विभिन्न शहरों में आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अनिवार्य दस्तावेज है, बिना इसके उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
इससे पहले भारतीय वायुसेना ने एएफसीएटी 1/2026 की सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी की थी, जिसमें उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी दी गई थी। यह स्लिप पंजीकृत ईमेल और मोबाइल नंबर के माध्यम से भेजी गई थी तथा वेबसाइट पर भी उपलब्ध थी। हालांकि, स्पष्ट किया गया था कि सिटी इंटिमेशन स्लिप एडमिट कार्ड नहीं है और इसके आधार पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग समय और अन्य महत्वपूर्ण विवरण केवल आधिकारिक एडमिट कार्ड में ही उपलब्ध होते हैं।
उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले यात्रा और ठहरने की व्यवस्था पहले से कर लेनी चाहिए। एएफसीएटी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को आगे एएफएसबी इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन होता है।
अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट afcat.cdac.in या afcat.edcil.co.in पर जाएं।
